news-details

सरयू नदी में डूबने से युवक की मौत

You can share this post!

 

PARDARSI VIKASH NEWS गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र स्थित बंधिया घाट पर सोमवार सुबह सरयू नदी में डूबने से 17 वर्षीय गोविंद मिश्रा की मौत हो गई। मृतक धनावा गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि गोविंद मोटरसाइकिल से घाट पर नहाने पहुंचा था। नहाते समय वह धीरे-धीरे नदी की गहराई में चला गया। उसे तैरना नहीं आता था, जिसके चलते वह डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना पर परसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही करनैलगंज एसडीएम नेहा मिश्रा ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद मृतक परिवार को आपदा राहत कोष से सहायता राशि दी जाएगी।घटना के बाद घाट पर सुरक्षा इंतजामों और चेतावनी बोर्डों की कमी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने घाट पर मौजूद व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते गोविंद नहाने के लिए घाट पहुंचा था और पहले भी कई बार यहां आ चुका था।