
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया
सलेमपुर (देवरिया)। सलेमपुर विकासखंड के ग्राम टेकनपुर में ट्रांसफार्मर स्थापना कार्य के दौरान बिजली विभाग के कर्मचारियों और एक स्थानीय युवक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक कर्मचारियों से बहस और हाथापाई की स्थिति में दिखाई दे रहा है।जानकारी के अनुसार बिजली विभाग की टीम गांव में ट्रांसफार्मर लगाने एवं उससे संबंधित कार्य कर रही थी। इसी दौरान गांव निवासी कमलेश यादव पुत्र स्वर्गीय रामायण यादव ने कार्य का विरोध किया। कमलेश यादव का कहना है कि जिस भूमि पर ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है, वह उसकी निजी भूमि है, इसलिए उसने आपत्ति जताई।वहीं मौके पर मौजूद लेखपाल लखमुद्दीन ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में सरकारी भूमि दर्ज है और ट्रांसफार्मर उसी भूमि पर स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवक को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन विवाद बढ़ गया।घटना को लेकर बिजली विभाग के एसडीओ आलोक कुमार ने कहा कि विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों और पुलिस को दे दी गई है तथा युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई कराई जाएगी।विवाद के बाद मामले की सूचना सलेमपुर कोतवाली को दी गई। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। भूमि को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आने के कारण प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की पड़ताल की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमि संबंधी विवाद का समाधान राजस्व अभिलेखों और प्रशासनिक जांच के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि गांव में विकास कार्य बाधित न हों।