news-details

सप्ताह के अंत तक 40 डिग्री पार कर सकता है तापमान

You can share this post!


पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ।राजधानी में मंगलवार सुबह से मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिला। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बीच-बीच में धूप भी निकलती रही। मौसम विभाग के अनुसार दिन में बादलों की गरज-चमक के साथ तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 81 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 40 प्रतिशत दर्ज की गई।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। अनुमान है कि सप्ताह के अंत तक राजधानी का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। इसके साथ ही भीषण गर्मी और लू का असर फिर से देखने को मिल सकता है।मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश में मानसून 18 से 20 जून के बीच प्रवेश कर सकता है, जबकि 22 जून तक इसके लखनऊ पहुंचने की संभावना है। हालांकि विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि इस वर्ष मानसून के दौरान सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। जून महीने में लू के दिनों की संख्या भी सामान्य से 2 से 3 दिन अधिक रहने के आसार हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि प्रशांत महासागर में बन रही एल-नीनो परिस्थितियों और हिंद महासागर की मौजूदा स्थिति का असर मानसून पर पड़ सकता है, जिससे पूरे सीजन में वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना है। फिलहाल लोगों को अगले कुछ दिनों तक बढ़ती गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।