
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। तहसील तालबेहट में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों की कार्यशैली की समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही, उदासीनता या भ्रष्टाचार की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन सहित कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को आकाशीय बिजली, अतिवृष्टि और अन्य दैवीय आपदाओं से प्रभावित लोगों का तत्काल सर्वे कर पात्र पीड़ितों को समय पर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।जनसुनवाई के दौरान भूमि कब्जा, पैमाइश, मनरेगा और सार्वजनिक भूमि से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एक दिव्यांग महिला की पेंशन संबंधी समस्या का मौके पर समाधान कर ऑनलाइन आवेदन भी कराया गया।जनपद की पांचों तहसीलों में कुल 266 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 29 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।