
Pardarshi Vikas News Mathura
सदर तहसील में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के लिए अधिकारियों ने जनसुनवाई की। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में कुल 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत दी गई।
समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने जमीन विवाद, सड़क मरम्मत, पुलिस कार्रवाई, राजस्व मामलों समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
शेष 27 शिकायतों के समाधान के लिए एसडीएम सदर ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण कराया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
गौरतलब है कि मथुरा सदर तहसील में समाधान दिवस प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शनिवार को आयोजित किया जाता है, जहां आमजन अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकते हैं।