
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। खड्डा स्थित रामेश्वरम मैरिज हॉल में 08 जून 2026 को समाजवादी पार्टी विधानसभा खड्डा की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 15 जून को जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित जनआंदोलन को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जाएगा। इस आंदोलन के माध्यम से बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, बिजली आपूर्ति की अनियमितता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र पाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की वास्तविक ताकत है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में खड्डा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण से भाजपा को पराजित करने में सफलता मिली, और अब 2027 विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी को विजयी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।सपा नेता विवेक ओझा ने कहा कि पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगामी जनआंदोलन जनता की आवाज को और मजबूती देगा।बैठक में यह भी तय किया गया कि खड्डा विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं नेता जनआंदोलन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।इस अवसर पर विजय प्रताप कुशवाहा, मिठाई लाल यादव, भगवान दयाल गुप्ता, राजकुमार डालमिया, अमर जायसवाल, बड़े अंसारी, संजय यादव (जिला उपाध्यक्ष), रमेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, सुभाष साहनी, संजय यादव (कटाई भरपूरवा), विश्व विजय सिंह, सरतेज यादव, मुन्ना यादव, मिस्टर अंसारी, जितेंद्र यादव, सोनू यादव, भोला यादव, दीनानाथ यादव, मनोज यादव, सरफराज अहमद, मनीष चौधरी, योगेंद्र यादव, शिवेंद्र यादव, अनिल मौर्य, सुभाष चौधरी, उमेश गुप्ता, विनोद उपाध्याय एवं आकाश राजभर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।