
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया । सलेमपुर विधानसभा सीट को लेकर भारतीय जनता पार्टी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा संगठन द्वारा काली प्रसाद को देवरिया का जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है। इस निर्णय के बाद रणविजय कुमार के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में वर्तमान विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम के स्थान पर नया चेहरा उतारने का फैसला करती है, तो रणविजय कुमार मजबूत दावेदारों में शामिल हो सकते हैं। रणविजय कुमार पूर्व में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और क्षेत्र में उनकी सक्रिय राजनीतिक एवं सामाजिक भूमिका रही है।समर्थकों का कहना है कि शिक्षित, सामाजिक और जमीनी स्तर पर सक्रिय होने के कारण रणविजय कुमार की स्वीकार्यता लगातार बढ़ी है। वहीं, काली प्रसाद को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद टिकट की संभावनाओं को लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है।हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक सलेमपुर विधानसभा सीट को लेकर किसी भी संभावित उम्मीदवार के नाम पर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है। अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा चुनावी रणनीति और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा।फिलहाल सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरण चर्चा का विषय बने हुए हैं और आने वाले दिनों में इस सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।