news-details

सलेमपुर में बिना स्लैब का खुला नाला बना मौत का जाल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया। नगर पंचायत सलेमपुर के हरैया क्षेत्र में मेन रोड के किनारे बना बिना स्लैब का खुला नाला लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। पिछले छह महीनों से नाला खुला पड़ा है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से अब तक इसे सुरक्षित बनाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाले को ढंका नहीं गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।क्षेत्रवासियों के अनुसार, कुछ दिन पहले एक गाय खुले नाले में गिर गई थी। इसके बाद एक युवक अपनी मोटरसाइकिल सहित नाले में जा गिरा। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल नाले में फंस गई, जिसे निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन की उदासीनता लोगों में नाराजगी का कारण बनी हुई है। दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों ने स्वयं नाले के पास बैरिकेडिंग कर लोगों को सतर्क करने का प्रयास किया है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें खुद इंतजाम करने पड़ रहे हैं।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मुख्य मार्ग पर स्थित यह खुला नाला लंबे समय से दुर्घटनाओं को दावत दे रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो नाले पर स्लैब लगाया गया और न ही कोई स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की गई।क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल नाले पर स्लैब लगाकर उसे सुरक्षित करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब एक गाय और एक बाइक सवार युवक नाले में गिर चुके हैं, तब भी जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो यह खुला नाला किसी बड़ी दुर्घटना और जनहानि का कारण बन सकता है।