
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा में नौतपा की शुरुआत के साथ बढ़ती भीषण गर्मी और लू को देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की जिला इकाई ने बेजुबान पक्षियों के संरक्षण के लिए ‘सकोरा अभियान’ शुरू किया है।विकासार्थ विद्यार्थी (SFD) आयाम के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, पार्कों और घरों की छतों पर मिट्टी के सकोरे रखकर उनमें पानी और दाने की व्यवस्था की। साथ ही लोगों को सकोरे वितरित कर पक्षियों के संरक्षण के लिए जागरूक भी किया गया।अभाविप के जिला संगठन मंत्री सोमू ने कहा कि भीषण गर्मी और लू के कारण पशु-पक्षियों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पानी की कमी से कई पक्षियों की जान तक चली जाती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास है।कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वेस्ट प्लास्टिक की बोतलों और पुराने टीन के डिब्बों से भी पेयजल पात्र तैयार किए। इन्हें पेड़ों की छांव और सुरक्षित स्थानों पर लगाया गया ताकि पक्षी आसानी से पानी पी सकें।नगर मंत्री संस्कार गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों की छत, बालकनी या आंगन में पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था जरूर करें। अभियान में सक्षम यादव, राहुल राजपूत, कृष्णा गुप्ता, यश और हिमांशु समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।