
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। कमालगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत नगला खेम रैगाई में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की गलियों, सार्वजनिक स्थानों और नालियों में गंदगी जमा होने से संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण बरसात में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया समेत अन्य बीमारियों की आशंका बनी हुई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदे पानी के कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।ग्राम प्रधान नरसिंह यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत में पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती नहीं होने के कारण नियमित सफाई संभव नहीं हो पा रही है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को अवगत करा दिया गया है।बीडीओ ने अगले महीने अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती का आश्वासन दिया है। फिलहाल उपलब्ध संसाधनों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अतिरिक्त सफाईकर्मियों की नियुक्ति कर नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।