news-details

सफाई से लेकर सीवर तक उठे मुद्दे, नगर निगम को जल्द सुधार के निर्देश

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आर्यनगर विधानसभा सहित कानपुर के जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर नगर आयुक्त से मुलाकात की और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। इस दौरान शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, स्ट्रीट लाइट की स्थिति, पेयजल आपूर्ति, सीवर व्यवस्था, पार्कों के रखरखाव और आवारा कुत्तों की समस्या जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए। इसके अलावा धार्मिक यात्राओं के मार्गों की मरम्मत, जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण, पार्किंग व्यवस्था, लंबित विकास कार्यों और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी नगर निगम अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहरवासियों को लंबे समय से कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम स्तर से इन समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण होना जरूरी है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर संबंधित विभागों को एक माह के भीतर प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया है।जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनता के हित में नगर निगम मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।इस अवसर पर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई, छावनी विधायक मोहम्मद हसन रूमी, नीरज सिंह, पार्षद मो. सारिया, फैजान रहमान, रजत बाजपेई, जावेद अख्तर गुड्डू, अनवर अली, विकास गुप्ता, सुरभित जायसवाल, दुर्गेश चक, बाबी एहसास, चंकी गुप्ता, प्रशांत मोहन जायसवाल, पुण्य जैन, आकाश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।