
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सचेंडी स्थित चकरपुर सब्जी मंडी में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत चबूतरा नंबर-6 स्थित एक फल आढ़त से हुई और कुछ ही समय में पूरे मंडी क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते करीब 44 दुकानें आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि मंडी में 40 से 50 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। आग लगने के बाद आढ़तियों ने खुद बाल्टी और पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें बेकाबू हो गईं और उन्हें अपनी दुकानें छोड़कर भागना पड़ा।फ्रूट कारोबारी मनोज ने बताया कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान में रखे लगभग 1,000 कैरेट अनार जल गए, जिससे करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं अन्य व्यापारियों ने लैपटॉप, खाते-बही और अन्य सामान जलने से लाखों के नुकसान की बात कही।फायर ब्रिगेड के अनुसार, पहले दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में 12 फायर टेंडर लगाए गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट कारण के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। मंडी प्रशासन ने भी नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।मंडी सचिव के अनुसार, आग से लगभग दो करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रभावित व्यापारियों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।