news-details

सिया गोयल और चेतन चौधरी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS पुणे। पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में वडगांव अदालत ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों को येरवडा जेल में रखा जाएगा। पुलिस ने पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया। सुनवाई के दौरान दोनों आरोपियों ने नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने से इनकार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी की सहमति के बिना ऐसे परीक्षण नहीं कराए जा सकते, इसलिए फिलहाल इनकी अनुमति नहीं दी गई। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले से धक्का देकर केतन अग्रवाल की हत्या कर दी। केतन और सिया की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश के दौरान दोनों आरोपी आपस में कोडवर्ड, निकनेम और इमोजी के जरिए बातचीत करते थे। उनके मोबाइल फोन से डिलीट किया गया डेटा रिकवर कर लिया गया है और सांकेतिक भाषा को समझने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। पुलिस ने सिया के घर से एक और मोबाइल भी बरामद किया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच के दौरान एक तीसरे व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने बीड जिले से एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसके बारे में आशंका है कि उसे हत्या की साजिश की जानकारी थी। पुलिस उसके बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर उसे गवाह बनाया जा सकता है। जांच के अनुसार साजिश की शुरुआत मई के अंत में हुई थी। 14 जून को कथित तौर पर केतन को पहली बार धक्का देने की कोशिश की गई, लेकिन वह बच गया। इसके बाद 18 जून को प्री-वेडिंग फोटोशूट के बहाने लोहगढ़ किले ले जाकर सिया और चेतन ने कथित रूप से उसे पीछे से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।