news-details

स्वदेशी व्यापार और कारोबारी चुनौतियों पर होगा मंथन

You can share this post!

लखनऊ में जुटेंगे 22 राज्यों के व्यापारी

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। राजधानी लखनऊ में 16 और 17 मई को देशभर के व्यापारियों का बड़ा सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। ऐशबाग रोड स्थित होटल स्काई हाई में स्वदेशी व्यापारी जुटान की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक होगी, जिसमें 22 राज्यों से व्यापारी प्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे। दो दिवसीय इस बैठक में व्यापार, उद्योग और छोटे कारोबारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्वदेशी व्यापारी जुटान के अखिल भारतीय सह प्रमुख संदीप बंसल ने बताया कि बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को एक मंच पर लाकर उनके समाधान की दिशा में रणनीति तैयार करना है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते प्रभाव से छोटे व्यापारियों को नुकसान हो रहा है, जिस पर गंभीर चर्चा की जाएगी।बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय अधिकारी कश्मीरी लाल, सह संगठक सतीश कुमार, व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी और कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बालकृष्ण भरतिया सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। नागपुर से स्वदेशी व्यापारी जुटान के सह प्रमुख मनोहर लाल और अजय पटकी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।तीन अलग-अलग सत्रों में आयोजित होने वाली बैठक में आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने, व्यापारियों के लिए सरल कानून व्यवस्था, इंस्पेक्टर राज की समस्याएं, पुराने व्यापारिक कानूनों में सुधार और निर्यात बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।इसके अलावा आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन, बाट-माप विभाग की सैंपलिंग संबंधी समस्याओं और कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने के उपायों पर भी चर्चा होगी। आयोजकों का कहना है कि इस बैठक से व्यापारियों की आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

संगठन की कोर कमेटी की हुई बैठक
बैठक में व्यापारी सम्मान और कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इस मंथन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने की रणनीति तैयार की जाएगी।कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संगठन की कोर कमेटी की बैठक भी हुई। इसमें लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छबलानी, महामंत्री अनुज गौतम, संगठन मंत्री सुनीत साहू और सोशल मीडिया प्रभारी संजय निधि अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।