
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। प्राचीन श्री बाबा बटुक भैरव मंदिर, कमच्छा में रविवार को हरियाली एवं जल विहार श्रृंगार का भव्य आयोजन हुआ। बाबा बटुक भैरव स्वर्णमयी आसन पर बालरूप में विराजमान हुए। रंग-बिरंगे फूल, फल-पत्तियों और प्राकृतिक सजावट से मंदिर परिसर दिव्य स्वरूप में नजर आया। विशेष दर्शन के लिए सुबह पांच बजे से श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई। पंचामृत स्नान के बाद मंगला आरती हुई और दर्शन-पूजन शुरू हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। बाबा का 51 किलो पंचमेवे से विशेष श्रृंगार किया गया। रात नौ बजे महाआरती हुई, जिसमें महंत राकेश पुरी ने 1008 बत्ती वाले दीपदान और सवा किलो कपूर से आरती की। एक साथ 51 डमरुओं के वादन से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। महंत राकेश पुरी एवं भास्कर पुरी के निर्देशन में आयोजन की व्यवस्थाएं की गईं। संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, आलोक जैन, रमेश चंद अग्रवाल, गीता जैन सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।