news-details

स्वच्छता योजनाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम पंचायतों में संचालित स्वच्छता योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण और संचालन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने तथा संचालित शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के लिए शौचालयों का प्रभावी उपयोग जरूरी है।डीएम ने ओडीएफ प्लस की स्थिति की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों में स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने पर जोर दिया। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा आरआरसी सेंटर के सुचारु संचालन के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा अंत्येष्टि स्थलों और जनसेवा केंद्रों के निर्माण व संचालन की स्थिति की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीडीओ पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभान सिंह, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, डीपीआरओ मनोज त्यागी सहित बीडीओ एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत मौजूद रहे।