news-details

स्वास्थ्य समीक्षा बैठक में डीएम सख्त

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर  महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति, रोगी कल्याण समिति, जिला क्षय रोग समिति, संचारी रोग नियंत्रण समिति, जिला एड्स समन्वय समिति एवं फाइलेरिया उन्मूलन समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित भुगतानों, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन पर नाराजगी जताई। आशा कार्यकर्त्रियों के भुगतान में देरी पर मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा बजट हाल ही में मिलने की जानकारी दी गई, जिस पर डीएम ने तत्काल सभी भुगतान पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।समीक्षा के दौरान निष्क्रिय आशाओं के विरुद्ध कार्रवाई का मुद्दा भी उठा। जिलाधिकारी ने कार्य में रुचि न लेने वाली आशाओं की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिये। वहीं अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा में प्रस्तुत संदेहास्पद आंकड़ों पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित बाबू और कम्प्यूटर ऑपरेटर को नोटिस जारी करने तथा डिप्टी सीएमओ को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिये।संचारी रोग नियंत्रण अभियान, टीबी उन्मूलन, फाइलेरिया और एड्स जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।