news-details

सेवा संस्थाओं को एक मंच पर लाएगा कानपुर का सेवा मेला

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य कर रही संस्थाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कानपुर में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का आयोजन किया जा रहा है। 26 से 30 नवंबर तक बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय मेले में 200 से अधिक सेवा संस्थाओं की सहभागिता प्रस्तावित है। इसमें संस्थाएं अपनी गतिविधियों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत करेंगी। हिंदू स्पिरिचुअल एंड सर्विस फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस मेले का उद्देश्य समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं को अपने कार्यों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।मेले में आने वाले नागरिक संस्थाओं के सेवा कार्यों को करीब से देख और समझ सकेंगे। साथ ही उन्हें यह जानने का अवसर मिलेगा कि समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किस प्रकार के जनकल्याणकारी प्रयास किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, इस मंच के माध्यम से आम नागरिक भी सेवा गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।आयोजन समिति के अध्यक्ष राजकुमार लोहिया और कार्यकारी अध्यक्ष सीए नीतू सिंह के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही हैं। मेले में सेवा प्रदर्शनियों के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि संस्थाओं के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान सामाजिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मददगार होगा।अमरनाथ ने बताया कि मेले का उद्देश्य सेवा कार्यों में जुटी संस्थाओं को एक मंच पर लाकर उनके प्रयासों को समाज तक पहुंचाना है। इससे जनसहभागिता बढ़ेगी और अधिक लोग सेवा गतिविधियों से जुड़ सकेंगे।

 

 

 

मेले के माध्यम से सेवा कार्यों में जुटी 200 से अधिक संस्थाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे संस्थाओं के कार्यों और उपलब्धियों को समाज के सामने रखने के साथ ही आपसी सहयोग और जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा। आम नागरिकों को भी सेवा गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। — अमरनाथ