
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय सुलतानपुर के सभागार में शनिवार को चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अमरनाथ, राकेश कुमार यादव और सहदेव गौड़ को सम्मानित किया गया।समारोह की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके यादव ने की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन कर्मचारियों के कार्यों का मूल्यांकन हमेशा याद रहता है। उन्होंने तीनों कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना की।डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के मंत्री लक्ष्मण स्वरूप ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा से जुड़े रहने का आह्वान किया।चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश गौड़ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सरकार से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति पर लगी रोक हटाने की मांग की।कार्यक्रम में कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।