
पारदर्शी विकास ब्यूरो हाटा, कुशीनगर। तहसील हाटा परिसर में मंगलवार को उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह चौहान, तहसीलदार जया सिंह एवं नायब तहसीलदार सुनील सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में सेवानिवृत्त संग्रह अमीनों एवं अनुसेवकों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजस्व विभाग में वर्षों तक निष्ठा एवं ईमानदारी से सेवा देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।समारोह के दौरान संग्रह अमीन बलवंत प्रसाद, सामयिक संग्रह अमीन रामनाथ यादव, संग्रह अनुसेवक सुरेश चौरसिया, काशीनाथ यादव, वृजनारायण यादव, श्रीमती इंद्रावती देवी तथा सामयिक संग्रह अनुसेवक दयानन्द को पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं सम्मान-चिह्न भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए उनके योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।इसी अवसर पर पूर्व अध्यक्ष बलवंत प्रसाद के सेवानिवृत्त होने के बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ, तहसील इकाई हाटा की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें रवि प्रताप सिंह को अध्यक्ष तथा भानुचंद को मंत्री चुना गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम में संग्रह अमीन अमरनाथ द्विवेदी, विनोद पाठक, देवशरण, वीरेन्द्र त्रिपाठी सहित तहसील हाटा के समस्त संग्रह अमीन एवं अनुसेवक उपस्थित रहे। सम्मान और आत्मीयता से ओत-प्रोत इस समारोह में सभी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य, सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएँ दीं।