
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला-2026 की तैयारियों को लेकर सेवा कार्यों से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें सेवा भारती, विश्व हिंदू परिषद, भारत विकास परिषद समेत कई सामाजिक संगठनों ने सहभागिता की और मेले को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्रीराम एवं प्रांत संचालक भवानी भीख तिवारी की उपस्थिति रही। प्रांत प्रचारक श्रीराम ने कहा कि कानपुर बड़े और प्रेरणादायी आयोजनों के लिए जाना जाता है। सेवा मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सेवा भावना को जागृत करने का व्यापक अभियान बनेगा। उन्होंने सभी संगठनों से पूरे समर्पण के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।बैठक में विभिन्न सेवा परियोजनाओं, समाजहित के कार्यों और सेवा गतिविधियों को मेले के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने की रूपरेखा पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रांत सेवा प्रमुख अमरचंद, क्षेत्र संयोजक अमरनाथ, महानगर संयोजक नवेंदु, सेवा भारती के संगठन मंत्री गजेंद्र सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला 26 से 30 नवंबर 2026 तक कानपुर में आयोजित होगा। आयोजन में सेवा, समरसता और संस्कार से जुड़े कार्यों को प्रमुखता दी जाएगी।