news-details

स्वाइन फ्लू से देवर-भाभी की मौत, 16 के सैंपल भेजे

You can share this post!

 


पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। गंजमुरादाबाद ब्लॉक के अटवा बैक गांव में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) से देवर-भाभी की मौत का मामला सामने आया है। दोनों की लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक दिन के अंतराल में मौत हुई। परिजनों के अनुसार, जांच में दोनों के स्वाइन फ्लू संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को गांव पहुंची और मृतकों के संपर्क में आए 16 लोगों के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे।बताया गया कि 50 वर्षीय व्यक्ति को तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान उनकी 56 वर्षीय भाभी की तबीयत भी बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो सितंबर की देर रात 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन सितंबर को उनकी भाभी ने भी दम तोड़ दिया। मृतका के बेटे ने जांच रिपोर्ट के साथ स्वास्थ्य विभाग को ई-मेल के जरिए सूचना दी। सीएचसी प्रभारी डॉ. मंजेश के नेतृत्व में टीम ने कांटैक्ट ट्रेसिंग की। सीएमओ अजय कुमार शर्मा ने कहा कि अस्पताल या लैब से आधिकारिक रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। 16 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं, रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।