
PARDARSHI VIKASH NEWS पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सिंधु जल संधि को लेकर भारत को धमकी दी है। पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत में आसिफ ने कहा कि अगर पाकिस्तान को लगा कि उसकी जल सुरक्षा खतरे में है, तो वह भारत के खिलाफ जंग छेड़ सकता है।उन्होंने आरोप लगाया कि भारत पाकिस्तान के हिस्से के पानी के प्रवाह में दखल दे रहा है और पानी को रणनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि पिछले एक साल में इस मामले में हुए नए बदलावों की उन्हें पूरी जानकारी नहीं है।अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। भारत का कहना है कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद पर ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक संधि बहाल नहीं होगी।वहीं पाकिस्तान इस समय गंभीर जल संकट से जूझ रहा है। सिंध और बलूचिस्तान में पानी की कमी लगातार बढ़ रही है। कई नहरों में भारी जल संकट दर्ज किया गया है, जिससे खेती और अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है।सिंधु जल संधि के तहत सिंधु नदी प्रणाली की छह नदियों के पानी का बंटवारा भारत और पाकिस्तान के बीच किया गया था। यह समझौता 1960 में विश्व बैंक की मध्यस्थता के बाद हुआ था। पाकिस्तान की कृषि व्यवस्था काफी हद तक इसी नदी प्रणाली पर निर्भर है।