
Pardarshi Vikas News Jhansi
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के भोजला इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में बने निर्माणाधीन मकान में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सादा कपड़ों में दबिश देकर 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि 5 आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, जुआरियों ने मकान के आसपास निगरानी के लिए लोगों को तैनात कर रखा था ताकि पुलिस की भनक लगते ही वे सतर्क हो सकें। लेकिन पुलिस टीम ने रणनीति बदलते हुए सादा कपड़ों में छापा मारा और मौके पर मौजूद लोगों को पकड़ लिया। वहीं, चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर छत से कूदकर भाग निकले।
पुलिस ने मौके से 1 लाख 14 हजार रुपये नकद, 13 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए। बताया गया कि करीब 1.04 लाख रुपये दांव पर लगे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में कई अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। मकान मालिक संदीप यादव को भी आरोपी बनाया गया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता मिली है और पूरे गिरोह की जांच की जा रही है।