
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शिवराजपुर क्षेत्र के बखरिया गांव में संदिग्ध शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने चार परिवारों का आशियाना उजाड़ दिया। घटना बुधवार शाम की है, जब परिवार के लोग खेत में उड़द की फसल काटने गए हुए थे।ग्रामीणों के अनुसार, सबसे पहले शिवकुमार के कच्चे मकान से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने फूस के छप्पर और कच्ची दीवारों वाले घर को अपनी चपेट में ले लिया और फिर आसपास के मकानों तक फैल गई।आग में शिवकुमार, दीपू, राजेंद्र प्रसाद और अनिल कुमार के घर जल गए। गृहस्थी का सामान, कपड़े, बर्तन और खाद्यान्न सहित अधिकांश सामान राख हो गया।सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्यूबवेल के पानी से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड और पुलिस के पहुंचने तक आग बुझ चुकी थी।राजस्व टीम ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। तहसीलदार अभिनव चंद्र ने बताया कि प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से हर संभव सहायता और तत्काल राशन उपलब्ध कराया जाएगा।