
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा के बेला थाना क्षेत्र स्थित पुर्वा दुजे गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर बेड पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने ससुरालजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिवा दोहरे की पत्नी मोहिनी (23) का शव सोमवार सुबह घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार हरिकिशोर और बेला थाना प्रभारी गंगादास गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच-पड़ताल की।घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के करीब दो दर्जन लोग ट्रैक्टर-ट्राली से गांव पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने गहरा दुख जताया और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।मृतका की बहन राधा ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मोहिनी की हत्या की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।