news-details

स्टेशन पर युवकों का उत्पात, यात्री पर लोहे की रॉड से हमला

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Jhansi

वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बाइक सवार कुछ युवकों ने स्टेशन परिसर में जमकर उपद्रव किया। बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से आए दो युवकों ने मुख्य गेट पर खड़े एक यात्री को घेर लिया और उस पर लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुए हमले से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। कुछ लोगों ने तुरंत बीच-बचाव कर हमलावरों को रोकने का प्रयास किया, जिससे पीड़ित की जान बच सकी। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद दोनों युवक दोबारा मौके पर लौट आए और फिर से यात्री पर हमला करने की कोशिश की, जिससे स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया, जबकि कुछ लोगों ने पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। हमलावर जाते-जाते पीड़ित को धमकी देकर फरार हो गए।

घटना नवाबाद थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। फिलहाल न तो पीड़ित और न ही हमलावरों की पहचान हो सकी है। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।