news-details

सीट न मिलने पर युवक ने फैलाई ट्रेन में बम की अफवाह

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ।  ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस में बम होने की झूठी सूचना से मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही यात्री डर के कारण कोच से उतरकर भागने लगे। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और ट्रेन के सभी कोचों की गहन तलाशी शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रोक दिया गया। करीब आधे घंटे तक चले जांच अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने यात्रियों से पूछताछ शुरू की तो लोगों ने एक युवक पर शक जताया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि सीट न मिलने के कारण उसने ट्रेन में बम होने की झूठी बात कही थी। युवक की पहचान तेलंगाना निवासी सैनी जैकी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अफवाह फैलाने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे के गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।