
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर
कृषि विज्ञान केंद्र में ‘फसलों में उर्वरकों के संतुलित प्रयोग’ विषय पर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक प्रसार डॉ. एन.के. बाजपेई ने की।उन्होंने किसानों से मिट्टी की जांच कराकर उसी के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जैसे मानव शरीर के लिए संतुलित आहार जरूरी है, वैसे ही पौधों के लिए भी सभी पोषक तत्वों का संतुलन आवश्यक है।डॉ. बाजपेई ने बताया कि अधिक उर्वरक उपयोग से लागत बढ़ती है और मिट्टी की उर्वरता घटती है। उन्होंने नत्रजन, फास्फोरस, पोटाश सहित सभी 17 पोषक तत्वों के संतुलित उपयोग पर जोर दिया। साथ ही गोबर खाद, हरी खाद, केंचुआ खाद और जैव उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किसानों को उर्वरकों के सही प्रयोग, समय और मात्रा की जानकारी दी। इस दौरान 40 से अधिक किसानों ने भाग लिया और तकनीकी जानकारी प्राप्त की।