
PARDARSHI VIKASH NEWS इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म अपनाने वाले जितेंद्र नारायण सिंह सेंगर उर्फ सैयद वसीम रिजवी ने एक युवक पर सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में लखनऊ के सहादतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जितेंद्र नारायण सिंह सेंगर का आरोप है कि हसनपुरिया निवासी शादाब मिर्जा उर्फ बतिष्ठा ने 13 जून को अपने फेसबुक अकाउंट से उनका एक पुराना वीडियो एडिट कर पोस्ट किया। आरोप है कि पोस्ट में उनके खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोस्ट में उन्हें "मुर्तद" कहकर संबोधित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि पोस्ट और टिप्पणियों के जरिए मुस्लिम समुदाय में उनके प्रति आक्रोश फैलाने का प्रयास किया गया, जिससे उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।वसीम रिजवी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने संबंधित फेसबुक पोस्ट, टिप्पणियों और स्क्रीनशॉट को साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराया है। उन्होंने आशंका जताई कि मोहर्रम के दौरान शहर का माहौल खराब करने की साजिश की जा सकती है।सहादतगंज थाना प्रभारी संतोष आर्या ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।