
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। मंगलवार को चौकी कस्बा कप्तानगंज पर जनसुनवाई के दौरान एक महिला, श्रीमती सविता यादव, रोते-बिलखते हुए पहुंचीं और उन्होंने बताया कि हाटा से कप्तानगंज आते समय उनका बैग ऑटो में छूट गया है, जिसमें कई कीमती सामान रखे थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक कुलदीप मौर्य ने बिना देर किए टीम के साथ कार्रवाई शुरू की। आजाद चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज के आधार पर संबंधित ऑटो की पहचान कर चालक से संपर्क स्थापित किया गया।पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महिला का बैग सुरक्षित बरामद कर उन्हें सौंप दिया गया। बैग में रखी सभी कीमती वस्तुएं सुरक्षित पाकर सविता यादव ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।