
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र स्थित आदर्श विहार कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला की पिटाई का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दो अधेड़ उम्र की महिलाएं एक महिला को डंडे और बेल्ट से मारती हुई नजर आ रही हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके बाल भी खींचे गए।पीड़िता सोनी कश्यप ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी सास शारदा देवी ने विवाद के बाद अपने छोटे बेटे और बहन को बुलाकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि उसे घर से बाहर तक घसीटकर पीटा गया, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और वह घायल हो गई।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके गहने छीन लिए गए और परिवार को धमकी दी गई। घटना के बाद उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।पारा थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला की मेडिकल जांच कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।