
PARDARSHI VIKASH NEWS कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार के रुख पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच आयोग की जून 2026 की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गाजा में फिलिस्तीनी नागरिकों, विशेषकर बच्चों को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन इतनी गंभीर रिपोर्ट के बावजूद भारत सरकार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सोनिया गांधी ने कहा कि आयोग की अगुआई भारत के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस एस. मुरलीधर कर रहे हैं और रिपोर्ट में गाजा में बच्चों की मौत, स्कूलों और अस्पतालों के विनाश तथा मानवीय संकट का विस्तृत उल्लेख है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ऐसे समय में चुप है, जब दुनिया के कई देश इजराइल की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। सोनिया ने कहा कि भारत की विदेश नीति हमेशा उपनिवेशवाद के विरोध, अंतरराष्ट्रीय शांति और विकासशील देशों के समर्थन की रही है, लेकिन मौजूदा रुख उस परंपरा से अलग दिखाई देता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को फिलिस्तीनी नागरिकों, खासकर बच्चों के पक्ष में स्पष्ट मानवीय और कूटनीतिक रुख अपनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की चुप्पी का फायदा पाकिस्तान उठाने की कोशिश कर रहा है और इससे भारत की पारंपरिक कूटनीतिक भूमिका भी प्रभावित हुई है।