
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा। भारतीय सेना के जवान अजय यादव का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह उनके पैतृक गांव नगला गनू पहुंचा। तिरंगे में लिपटे जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से लोग पहुंचे। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा।पार्थिव शरीर गांव पहुंचने से पहले करीब पांच किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें क्षेत्रीय नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और सेना के जवानों ने शामिल होकर भारत माता की जय और अजय यादव अमर रहें के नारे लगाए।भारतीय सेना की कानपुर यूनिट से सूबेदार पुनाराम के नेतृत्व में करीब 17 जवान सैन्य वाहनों से पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे। जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर घर पहुंचा, परिवार में मातम छा गया। मां, पिता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।जवान का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, सांसद जितेंद्र दोहरे, विधायक राघवेंद्र गौतम, नगर पालिका अध्यक्ष अजय यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी।