
Pardarshi Vikas News Hamirpur
हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में स्मार्ट मीटर के विरोध में चल रहा प्रदर्शन शुक्रवार को उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कई घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर विद्युत विभाग कार्यालय के सामने रख दिए और धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा सख्ती दिखाते हुए अनशन समाप्त कराया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया।
स्मार्ट मीटर के विरोध में यह आंदोलन गुरुवार से जारी था। प्रदर्शन में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं तथा कुछ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में बढ़ोतरी और अन्य तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं।
शुक्रवार को विरोध तेज करते हुए प्रदर्शनकारी कुछ घरों से मीटर निकालकर जुलूस के रूप में अनशन स्थल तक पहुंचे। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मीटर उखाड़े जाने की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया और धरना स्थल खाली कराया।
अधीक्षण अभियंता विद्युत ज्ञान चंद्र यादव ने बताया कि कुछ लोगों ने मीटर उखाड़कर अनशन स्थल पर रख दिए थे। जिन घरों से मीटर हटाए गए हैं, उनका विवरण जुटाया जा रहा है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिना मीटर बिजली उपयोग करना विद्युत अधिनियम की धारा 135 का उल्लंघन है। साथ ही उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि बिजली से जुड़ी शिकायतों का समाधान विभाग द्वारा प्राथमिकता पर किया जाएगा। घटना के बाद कस्बे में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।