news-details

स्मार्ट मीटरों पर लगी रोक, जांच शुरू

You can share this post!

Pardarshi Vikas News  Gonda

भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी की शिकायत के बाद स्मार्ट मीटरों में गड़बड़ी का मामला तूल पकड़ गया है। इसके बाद देवीपाटन मंडल के चारों जिलों गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है।

मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने आरोप लगाया था कि उनके विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए कई स्मार्ट मीटरों में तकनीकी खामियां हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं। उन्होंने कहा था कि गलत रीडिंग और अतिरिक्त बिलिंग से आम जनता परेशान है तथा तत्काल जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक ने यह भी मुद्दा उठाया था कि नेगेटिव बैलेंस होने पर मीटरिंग एजेंसी द्वारा कई उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही थी, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

देवीपाटन मंडल में अब तक करीब 19 लाख उपभोक्ताओं में से 2 लाख 15 हजार घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। अब लगाए गए सभी मीटरों की तकनीकी जांच की जाएगी। उपभोक्ताओं के पुराने और नए मीटरों की तुलना कर गड़बड़ियों का परीक्षण होगा।

मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि जांच पूरी होने तक नए स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक रहेगी। साथ ही फिलहाल नेगेटिव बैलेंस के आधार पर किसी भी उपभोक्ता की बिजली नहीं काटी जाएगी।