
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया गया। राजधानी ब्रातिस्लावा में आयोजित समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर स्लोवाकिया पहुंचे थे।सम्मान प्राप्त करने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह स्लोवाकिया की सरकार और वहां के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित है और भारत-स्लोवाकिया की मजबूत तथा स्थायी मित्रता का प्रतीक है।दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें रक्षा, व्यापार, डिजिटल प्रौद्योगिकी, शिक्षा और प्रवासन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। दोनों देशों ने आपसी संबंधों को ‘व्यापक साझेदारी’ (कॉम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप) के स्तर तक बढ़ाने का फैसला किया और सहयोग बढ़ाने के लिए 11 समझौतों पर हस्ताक्षर किए।संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग आपसी विश्वास और साझा प्राथमिकताओं का प्रतीक है। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (India-EU FTA) को आगे बढ़ाने में स्लोवाकिया के सहयोग की सराहना की। साथ ही उन्होंने रक्षा सहयोग को दोनों देशों के रणनीतिक रिश्तों का महत्वपूर्ण आधार बताया।प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी जानकारी दी कि स्लोवाकिया की एक यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर ‘इंडिया चेयर’ स्थापित की जा रही है। इसके अलावा भारतीय उपनिषदों का स्लोवाक भाषा में अनुवाद दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने का उदाहरण बताया गया।