news-details

सिकटिया में बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो हाटा, कुशीनगर। हाटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। हाटा विधायक मोहन वर्मा के प्रस्ताव और लगातार प्रयासों के बाद उत्तर प्रदेश शासन ने ग्राम सभा सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। शासन की ओर से 15 जून 2026 को जारी पत्र में जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कुशीनगर को आवश्यक आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।विधायक मोहन वर्मा ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र लिखकर सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की थी। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा में नियम-301 के तहत यह मुद्दा उठाकर क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं को प्रमुखता से रखा था।सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से लगभग 32 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही आसपास की ग्राम सभाओं मुड़िला हरपुर, गौनरिया, अथरहा, पिपरा, लंगड़ी, देवराजपिपरा और दुबौली के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।वर्तमान में सिकटिया और आसपास के ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए करीब 7 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीचक या 16 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा जाना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर आपातकालीन स्थितियों में।विधायक मोहन वर्मा ने दूरभाष पर बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाटा क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए विशेष अनुमति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सिकटिया में बनने वाला यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के आमजन और ग्रामीणों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसके शुरू होने से हजारों लोगों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।विधायक ने इस उपलब्धि के लिए कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके नेतृत्व में जनपद कुशीनगर निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ग्रामीणों ने भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मंजूरी पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताया है।