
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। विकासनगर थाना क्षेत्र में एक निजी सिक्योरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह कथित रूप से शराब के नशे में थे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान सेक्टर-सी, सबोली निवासी 52 वर्षीय संदीप सिंह के रूप में हुई है। वह एक निजी सिक्योरिटी एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे संदीप सिंह ने अपने कमरे में लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से लाइसेंसी रिवॉल्वर सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक नमूने जुटाए हैं।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।