
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। राजेपुर विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय कुबेरपुर कुडरा में छात्रों से विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कराए जाने का मामला सामने आया है। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है और जांच शुरू कर दी गई है।बताया गया कि पढ़ाई के लिए स्कूल पहुंचे बच्चों को किताबों की जगह डस्टबिन देकर परिसर की सफाई कराई गई। वायरल तस्वीरों में छात्र विद्यालय परिसर की सफाई करते नजर आ रहे हैं।विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि मुख्यमंत्री के स्वच्छता संबंधी संदेश के तहत शिक्षक और छात्र मिलकर स्कूल की साफ-सफाई में भागीदारी कर रहे थे। हालांकि, इस तर्क से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं।ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चों का मुख्य उद्देश्य शिक्षा प्राप्त करना है, उनसे सफाई का कार्य कराना उचित नहीं है। उनका कहना है कि जिन हाथों में किताबें होनी चाहिए, उनमें डस्टबिन थमाना शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।मामले की शिकायत राजेपुर के खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार से की गई है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।