
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध मेविस टाक के नेतृत्व में साइबर क्राइम पुलिस थाना बांदा टीम द्वारा साइबर ठगी/फ्रॉड के शिकार हुए पीड़ित के खाते में कुल 05 लाख 60 हजार 822 रुपये वापस कराये गये । गौरतलब हो कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मढ़ियानाका के रहने वाले मुकेश कुमार पुत्र बृजलाल के साथ साइबर ठगों द्वारा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से व्यापार में लाभ का झांसा देकर साइबर ठगी की गई थी । जिसके संबंध में पीडित द्वारा साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी गई थी । थाना साइबर क्राइम बांदा पुलिस टीम ने तत्परता, तकनीकी दक्षता एवं सक्रिय समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही करते हुए पीड़ित की कुल 5,60,822/ रुपए धनराशि सुरक्षित वापस कराई गई । आवेदक द्वारा रुपए वापस मिलने पर थाना साइबर क्राइम बांदा पुलिस टीम को धन्यवाद दिया गया । बांदा पुलिस द्वारा आम जनमानस से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की आनलाइन ठगी, फर्जी काल अथवा संदिग्ध लेन-देन के संबंध में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें या साइबर थाने/नजदीकी थानें में शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके ।