
पारदर्शी विकास ब्यूरो
खड्डा/कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव में फर्नीचर व्यवसायी और ग्राहक के बीच सोफा सेट के डिजाइन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित बुजुर्ग ग्राहक ने व्यवसायी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार, महाराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम ढेसो हडहवा निवासी इब्राहिम ने रायपुर भैसही के टोला भेड़ीहारी निवासी फर्नीचर व्यवसायी कमरुद्दीन पुत्र हुसैन को ₹42 हजार में सोफा सेट बनाने का ऑर्डर दिया था। इसके लिए उन्होंने ₹35 हजार अग्रिम राशि भी जमा कर दी थी।सोमवार सुबह जब इब्राहिम तैयार सोफा सेट लेने व्यवसायी की दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि तैयार किया गया सोफा ऑर्डर किए गए डिजाइन से अलग था। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और नोकझोंक हो गई। पीड़ित का कहना है कि जब उसकी पसंद के अनुसार फर्नीचर तैयार नहीं किया गया तो उसने अपनी अग्रिम राशि वापस मांगी, लेकिन व्यवसायी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।इसके बाद इब्राहिम ने नेबुआ नौरंगिया थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को घुघुली थाना क्षेत्र के कोटवा बिरईची गांव में उनकी बेटी की ननद का विवाह है, जिसमें यह सोफा सेट उपहार स्वरूप देना था।इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। विवाह की तिथि निकट होने के कारण पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा तथा जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।