
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। शहर में असलहा और कारतूस की बिक्री को लेकर सेफ कस्टडी के नियमों के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। सोमवार को कानपुर पुलिस ने मूलगंज स्थित हैरिस गन हाउस की जांच की। पुलिस के अनुसार, एक अप्रैल से 30 सितंबर 2026 के बीच गन हाउस ने 153 नई और पुरानी बंदूकें बेचीं तथा 37,432 कारतूस खरीदे, जिनमें से 20,357 कारतूस बेचे गए।मामले का खुलासा जौनपुर में अवैध असलहा खरीद-फरोख्त के आरोप में पकड़े गए पांच लोगों से पूछताछ के बाद हुआ। आरोपियों के पास से दो 12 बोर बंदूकें, 210 कारतूस, .22 बोर राइफल, प्रतिबंधित 9 एमएम पिस्टल, .45 बोर ग्लॉक पिस्टल, नकदी और मोबाइल बरामद हुए थे। पूछताछ में कानपुर के हैरिस गन हाउस से असलहे और कारतूस खरीदने की बात सामने आई। इसके बाद जौनपुर पुलिस संचालक अब्बास अली से पूछताछ के लिए उन्हें अपने साथ ले गई।डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, सेफ कस्टडी के नाम पर सात से आठ लोगों की चेन की जांच की जा रही है। बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड और राजस्थान समेत अन्य राज्यों में हुई बिक्री के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस वैध और अवैध खरीद-फरोख्त का मिलान कर रही है।