news-details

सीएम योगी के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर कसया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को प्रस्तावित कुशीनगर दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन एवं निर्माणाधीन गौतमबुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के निरीक्षण कार्यक्रम को देखते हुए सोमवार को कुशीनगर विधायक पीएन पाठक, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ विश्वविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर बुद्धा पार्किंग स्थल पर उतर सकता है, जहां से वे सड़क मार्ग द्वारा विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बुद्ध मंदिर मार्ग से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने बुद्ध मंदिर मार्ग के किनारे स्थित दुकानदारों और ठेला संचालकों को अस्थायी रूप से अपने प्रतिष्ठान हटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा उत्पन्न न हो।वहीं नगरपालिका परिषद द्वारा सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, जल निकासी, मिट्टी भराई और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए कर्मचारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।इस अवसर पर विधायक पीएन पाठक ने अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि रुद्र प्रकाश सिंह, राज पाठक, दीपक चौबे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह के साथ तैयारियां जारी हैं।