
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण में देरी और अधूरे काम पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार को नाराजगी जताई। उन्होंने दीप सिनेमा तिराहे से बारादेवी होते हुए सोटे वाले बाबा मंदिर तक सड़क का निरीक्षण कर दीपावली से पहले काम पूरा कराने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था को अतिरिक्त मशीनरी और मैनपावर लगाकर दो शिफ्टों में काम कराने को कहा गया। दीप सिनेमा तिराहे पर फुटपाथ और पार्किंग का काम सड़क निर्माण के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बारादेवी दक्षिण द्वार के पास व्हाइट टॉपिंग और रैंप निर्माण की समीक्षा कर दो दिन में अतिरिक्त पेवर मशीनें मंगाने को कहा गया। नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि देरी की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था के साथ संबंधित जोनल अभियंता की भी तय होगी।निरीक्षण के दौरान पांडेय नगर में जलनिकासी, फुटपाथ और अतिक्रमण की समस्याओं पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। फंड ऑफिस तिराहे से काकादेव तक सड़क किनारे खड़े निष्प्रयोज्य वाहनों को दो दिन में हटाने को कहा गया। नवरात्र को देखते हुए बारादेवी मंदिर में 24 घंटे सफाई व्यवस्था और ग्वालटोली के फूल वाली पार्क में क्षतिग्रस्त सुविधाओं की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।