
धूल और गड्ढों से लोग बेहाल
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में सीएम ग्रिड रोड स्कीम के तहत बन रही सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। दो फेज में बन रही 10 सड़कों में पहले फेज की कई सड़कें तय समय सीमा बीतने के बाद भी अधूरी पड़ी हैं। कल्याणपुर बगिया क्रॉसिंग से केसा चौराहे तक करीब 10.21 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 1.150 किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।क्षेत्र में सड़क उखड़ी होने और लगातार उड़ रही धूल के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। कई परिवारों ने मकानों में ताला लगाकर दूसरी जगह शिफ्ट कर लिया है, जबकि दुकानदारों को भी दुकानें दूसरी जगह ले जानी पड़ी हैं। सड़क किनारे मिट्टी के ढेर लगे होने से घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।बताया गया कि सड़क निर्माण कार्य 12 अक्टूबर 2024 को शुरू हुआ था और इसे 12 अक्टूबर 2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी काम अधूरा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क की हालत गांव की कच्ची सड़क जैसी हो गई है। टू-वे सड़क पर फिलहाल एक तरफ ही यातायात संचालित हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से सड़क बनती और उखड़ती रही है। सीएम ग्रिड रोड योजना से लोगों को राहत की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण कार्य ने परेशानी और बढ़ा दी है। सड़क पर फैली गिट्टी, मौरंग और गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। प्रतिदिन कई वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।बगिया क्रॉसिंग निवासी हेमंत ने बताया कि लगातार उड़ती धूल से लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद खांसी के मरीज बन गए हैं और कई लोगों को सांस संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। वहीं रमेश निषाद ने बताया कि खराब सड़क और धूल के कारण क्षेत्र में रहना मुश्किल हो गया है।यह सड़क आवास विकास कार्यालय, केशवपुरम, आवास विकास-1, कल्याणपुर-पनकी रोड और केसा चौराहे को जोड़ती है। सड़क की खराब स्थिति के कारण कल्याणपुर क्रॉसिंग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है, जिससे जाम की समस्या भी बढ़ रही है।नगर निगम के चीफ इंजीनियर एसएफए जैदी ने बताया कि सड़क निर्माण में मिट्टी की सीबीआर क्षमता कम पाई गई है। मिट्टी की जांच आईआईटी कानपुर से कराई जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद बेहतर गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क के अलावा अन्य कार्य लगातार जारी हैं।
इस रोड में मिट्टी की सीबीआर कैपिसिटी कम मिली है। मिट्टी की जांच आईआईटी कानपुर से कराई जा रही है। रिपोर्ट आते ही बेहतर गुणवत्ता के साथ रोड का निर्माण कराया जाएगा। रोड के अलावा बाकी काम चल रहे हैं।-चीफ इंजीनियर