news-details

सीएचसी में डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले लगभग एक माह से डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब पड़ी है। इस कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में एक्स-रे जांच की सुविधा बंद होने से मरीजों को गौरीगंज स्थित जिला अस्पताल या निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च और लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।सीएचसी अमेठी में प्रतिदिन लगभग 30 से 50 मरीज एक्स-रे जांच के लिए आते हैं। इनमें दुर्घटना में घायल, हड्डी रोग से पीड़ित और सीने संबंधी बीमारियों के मरीज शामिल होते हैं। मशीन खराब होने के कारण इन मरीजों को या तो बिना जांच के वापस लौटना पड़ता है या निजी जांच केंद्रों पर अधिक पैसे खर्च करने पड़ते हैं।मरीज राहुल कुमार, मोहित, नितिन सोनी, गीता, नीतू ,पूनम आदि मरीजों ने बताया कि सरकारी अस्पताल में एक्स-रे सुविधा बंद होने से उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। उनका कहना है कि डॉक्टर जांच कराने की सलाह देते हैं, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें कई किलोमीटर दूर जिला अस्पताल गौरीगंज जाना पड़ता है। भीषण गर्मी के मौसम में बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर मरीजों के लिए यह समस्या और भी बढ़ जाती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मशीन की मरम्मत नहीं हो सकी है।इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मरीजों का यह भी कहना है कि समय पर जांच न होने से उनके इलाज में भी देरी हो रही है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ रही है।इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी के प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि डिजिटल एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। उन्होंने जानकारी दी कि मशीन की मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी और उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।डॉ. सिंह ने आश्वासन दिया कि जल्द ही तकनीकी टीम द्वारा मशीन को ठीक करा दिया जाएगा, जिसके बाद एक्स-रे जांच की सुविधा फिर से शुरू हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मरीजों को जिला अस्पताल गौरीगंज में एक्सरे कराने की सलाह दे दी जाती है।