
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया सलेमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सलेमपुर का सोमवार सुबह डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.पी. यादव ने औचक निरीक्षण किया। उनके सुबह करीब 8 बजकर 5 मिनट पर अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ ने कार्यालय पहुंचकर उपस्थिति पंजिका की जांच की। जांच में डॉ. एस.एम. त्रिपाठी, डॉ. सुमन गुप्ता तथा एएनएम संध्या शर्मा निर्धारित समय से विलंब से पहुंची मिलीं। इस पर डॉ. यादव ने उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में समयपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने की अनुमति दी।वहीं, जांच के दौरान डॉ. नरेंद्र मोहन, डॉ. प्रांजल गुप्ता, डॉ. पुष्पेंद्र तिवारी, डॉ. संगीता पांडे एवं एएनएम कंचन सिंह अनुपस्थित पाए गए। डिप्टी सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उपस्थिति पंजिका में उन्हें अनुपस्थित दर्ज करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के समय चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार भी मौजूद रहे। डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.पी. यादव ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।