
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिला मुख्यालय स्थित गौरीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास सड़क और पटरी पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को राजस्व और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। नायब तहसीलदार कौशल किशोर के नेतृत्व में जेसीबी की मदद से सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे और दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।प्रशासनिक टीम ने पहले सड़क और पटरी पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया, जिसके बाद जेसीबी से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कई दुकानदार कार्रवाई शुरू होते ही अपना सामान समेटते नजर आए।अधिकारियों के अनुसार, सीएचसी के आसपास अतिक्रमण के कारण मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। सड़क और सार्वजनिक पटरी खाली होने से यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है। प्रशासन ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश के तहत सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान राजस्व, नगर पालिका और पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।