
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। प्रदेश में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का गुरुवार को लोहिया संस्थान में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शुभारंभ किया। अभियान 31 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 75 जिलों में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जापानी इंसेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया और काला ज्वर जैसी बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण करना है। 12 अक्टूबर से दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 से प्रदेश में संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, ग्रामीण विकास और पंचायती राज समेत 13 विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अभियान से जापानी इंसेफेलाइटिस के मामलों और इससे होने वाली मौतों में काफी कमी आई है। डेंगू, मलेरिया और काला ज्वर के नियंत्रण में भी सफलता मिली है।ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूर्वांचल के गोरखपुर और आसपास के जिलों में इंसेफेलाइटिस लंबे समय तक गंभीर समस्या रही है। अभियान के जरिए इस पर नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से घर और आसपास सफाई रखने की अपील की।उन्होंने कहा कि पुराने टायर, टूटे बर्तन, कूलर और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है और दिन में काटता है। इसलिए मच्छरों के प्रजनन को रोकना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. पवन अरुण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।